छत्तीसगढ़ के महासमुंद में पुलिस ने 7 किलो से ज्यादा सोना जब्त किया है। बरामद सोने की कीमत करीब 5 करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। अफसरों के मुताबिक, ये अंतरराष्ट्रीय तस्करी से जुड़े हो सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को सिंघोड़ा क्षेत्र के इंटर स्टेट चेक पोस्ट रेहटीखोल नेशनल हाईवे-53 पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से पश्चिम बंगाल नंबर की एक सफेद रंग की कार आती दिखाई दी। इस पर उसे रुकवाया गया।

सीट में चैंबर बनाकर छिपाया गया था सोना
कार में 3 लोग सवार थे। अभी पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही थी कि इसी दौरान महाराष्ट्र नंबर की एक और कार को रोका गया। उसमें 2 लोग थे। उस कार की तलाशी ली गई तो पिछली सीट पर चैंबर बना दिखाई दिया। उसको खोलने पर अंदर से सोना बरामद हुआ।
चार पैकेट में मिले 39 बिस्किट, 22 पत्तियां
पुलिस ने बताया कि पैकेट से 39 बिस्किट और 22 सोने की पत्तियां बरामद हुई हैं। यह करीब 7 किलो 861 ग्राम सोना था। इससे जुड़े दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कार सवार नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने सोना सहित दोनों कार और 5 मोबाइल जब्त किए हैं।
