सुकमा में रविवार सुबह नक्सलियों के हमले में CRPF के SI शहीद हो गए हैं, जबकि एक जवान घायल है। मामला जगरगुंडा थाना क्षेत्र का है। चार दिन में जवानों पर ये तीसरा नक्सली हमला है, जिसमें जवान की शहादत हुई है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे बेदरे गांव स्थित CRPF 165वीं बटालियन के जवान सर्चिंग पर निकले थे। बाजार होते हुए जवान उर्सांगल की तरफ सर्चिंग कर रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने जवानों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। हालांकि, समय रहते जवानों ने भी मोर्चा संभाला और नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया।

करीब आधे घंटे तक दोनों तरफ से जबरदस्त गोलीबारी हुई। इस मुठभेड़ में नक्सलियों की गोली लगने से CRPF के SI सुधाकर रेड्डी शहीद हो गए, जबकि एक अन्य जवान रामू को गोली लगी है। वह गंभीर रूप से घायल है। बताया जा रहा है कि साथी जवान उसे कैंप लेकर पहुंचे हैं। यहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए रायपुर एयरलिफ्ट किया गया है।
