रायगढ़ एसईसीएल की छाल माइंस में मजदूरों के समूह ने ठेका कंपनी के कर्मचारियों की पिटाई कर दी है। बताया जा रहा है कि स्थानीय मजदूरों को आरकेएस कंपनी के मैनेजर परेशान कर रहे थे। जिसके बाद विवाद बढ़ने पर सोमवार सुबह करीब 6 बजे मजदूर एकजुट होकर खदान पहुंचे थे मारपीट की घटना को अंजाम दिया।
दरअसल, छाल माइंस में ओबी हटाने का काम कर रही आरकेएस कंपनी के कर्मचारियों की मजदूरों से बहस हो गई। आरकेएस कंपनी रांची की है। कंपनी के अधीन करीब 500 मजदूर काम करते हैं। इसमें से ज्यादातर छाल के आसपास गांवों के हैं।
लोकल लोगों को परेशान कर हटा रहे काम से
जानकारी के मुताबिक, कंपनी का मैनेजर झारखंड से लोगों को लाकर काम पर रख रहा था। जबकि लोकल लोगों को परेशान करके हटाया जा रहा था। इस बात को लेकर कई दिनों से विवाद हो रहा था। आरकेएस कंपनी ने मजदूरों की बात नहीं सुनी। कई बार बैठक भी हुई लेकिन मामला नहीं सुलझा।