सलमान खान के फार्म हाउस में 2 अनजान लोगों ने जबरन घुसने की कोशिश की है। दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पूछताछ में पता चला कि वो दोनों शख्स खुद को सलमान खान का फैन बता रहे हैं। उनके पास से फर्जी आधार कार्ड बरामद हुए हैं। इस वजह से दोनों पर FIR भी दर्ज की गई है। सलमान खान लॉरेंस गैंग के निशाने पर हैं।
क्या है पूरा मामला
सलमान खान का फार्म हाउस नवी मुंबई के पनवेल में है। 4 जनवरी की शाम 4 बजे 2 अनजान लोगों ने एक्टर के फार्म हाउस में जबरन घुसने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि वो दोनों शख्स फेंसिंग के तार तोड़कर अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे। फार्म हाउस में दो संदिग्ध लोगों को देखकर वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड ने उन्हें तुरंत रोका।
इसके बाद फार्म हाउस के मैनेजर को भी बुलाया गया। दोनों शख्स से पूछताछ के दौरान उन्होंने खुद को सलमान खान का फैन बताया। सिक्योरिटी गार्ड्स को दोनों की बातों पर भरोसा नहीं हुआ। नतीजतन पुलिस को बुला लिया गया। गार्ड्स ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस की मानें तो घटना के समय सलमान खान अपने फार्म हाउस में नहीं थे।