महाराष्ट्र के अल्पसंख्यक मंत्री अब्दुल सत्तार ने एक डांस शो के दौरान पुलिस को लोगों पर लाठीचार्ज करने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस से कहा कि लोगों को कुत्तों की तरह मारो, इतना लाठीचार्ज करो कि उनकी कमर टूट जाए। ये वाकया सोमवार का है, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है। इसके बाद से ही सत्तार की आलोचना हो रही है।
विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने ट्वीट किया कि महागठबंधन सरकार की संस्कृति एक ही भाषा है। महागठबंधन सरकार का असली चेहरा खुद लोगों के सामने लाने के लिए मंत्री अब्दुल सत्तार को धन्यवाद। क्या सत्तार पुलिस को अपने गिरोह का गुंडा मानते हैं?
अब्दुल सत्तार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुआई वाली शिवसेना के विधायक हैं। वे छत्रपति संभाजीनगर में सिल्लोड विधानसभा का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे राज्य के माइनॉरिटी डेवलपमेंट मंत्री हैं।

सत्तार के जन्मदिन के मौके पर आयोजित किया गया था कार्यक्रम
अब्दुल सत्तार के जन्मदिन के मौके पर संभाजीनगर के सिल्लोड में डांसर गौतमी पाटील का डांस शो आयोजित किया गया था। इस दौरान वहां मौजूद भीड़ में से कुछ युवा उत्तेजित होकर हंगामा करने लगे। आयोजकों ने उन्हें शांत होने को कहा पर युवक नहीं माने, इससे सत्तार को गुस्सा आ गया।
पहले उन्होंने भीड़ को गालियां देनी शुरू कीं। इसके बाद सत्तार ने वहां मौजूद पुलिस को उत्पाती युवकों पर सीधे लाठीचार्ज करने का आदेश दिया। उन्होंने पुलिस से कहा कि एक हजार पुलिसकर्मियों को 50 हजार लोगों को मारने में क्या परेशानी है। उन्हें मारो और जेल में डाल दो।