छत्तीसगढ़ के नए मुखिया विष्णुदेव साय होंगे। नयी सरकार की ओर से पहली घोषणा की गई है कि 25 दिसंबर को किसानों को दो साल का बोनस दिया जाएगा। इस घोषणा को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा जो 15 सालों में नहीं दे पाए वह अब दे रहे हैं। सिर्फ 2 साल का क्यों 15 साल का बोनस देना चाहिए।
हमने 5 साल का वादा करके आए थे, 5 साल दिया था। भाजपा के पास पैसे की दिक्कत नहीं है। केंद्र में भी उन्हीं की सरकार है पूरे 15 साल का बोनस दें।
शपथ ग्रहण समारोह में नेता प्रतिपक्ष होंगे शामिल
शपथ ग्रहण समारोह में विपक्ष के नेता जाएंगे क्या? इस सवाल पर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि, जो नेता प्रतिपक्ष होते हैं उन्हें जाना होता है लेकिन आमंत्रण आने के बाद देखते हैं। मीडिया के माध्यम से नए मुख्यमंत्री को बधाई हम दे रहे हैं।

‘पार्टी के खिलाफ बोलने पर होगी कार्रवाई’
दीपक बैज ने कांग्रेसी नेताओं के पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाने पर कहा कि, बड़े नेताओं पर आरोप लगाना सही नहीं है, कोई बातें पार्टी फोरम से बड़ी नहीं हो सकती। बातें पार्टी फोरम में रखनी चाहिए। सार्वजनिक बयानबाजी अपशब्दों का ध्यान रखना चाहिए। पार्टी में अनुशासन भी है नियम कानून भी है कायदे भी है। उसके बाहर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा पार्टी का दरवाजा 24 घंटे खुला हुआ है।
एक अध्यक्ष होने के नाते हाईकमान के पास जाकर भी बात रख सकते हैं। कोई किसी को नहीं रोक रहा है। लेकिन सार्वजनिक रूप से आरोप लगाने से पार्टी की छवि धूमिल होती है, नोटिस जारी किए हैं कार्रवाई भी होगी।